Palamu Road Accident: पहले बाइक से हुई टक्कर, फिर हाइवा ने कुचला सिर, इस कारण नावाडीह में हुए सड़क हादसे में गई युवक की जान
रमकंडा: रमकंडा-डालटनगंज मुख्य मार्ग पर नावाडीह के बगनी झरिया में शनिवार सुबह 9 बजे अज्ञात हाइवा की चपेट में आने से बाइक सवार मजदूर बेड़मा निवासी 30 वर्षीय जाकिर अहमद पिता गफार अहमद की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। उसका सिर फट गया था। घटना के तुरंत बाद नावाडीह के मुखिया दयानंद प्रसाद द्वारा पुलिस के साथ डेड बॉडी को उठवा देने से परिजन और ग्रामीणों में आक्रोश देखा जा रहा है। ग्रामीणों के द्वारा मुख्य सड़क को जाम कर दिया गया है। मुखिया से पूछा जा रहा था कि आखिर उन्होंने परिजनों के आने से पहले ही डेड बॉडी को क्यों उठवा दी। परिजनों ने बताया कि मुखिया का हाइवा होने के कारण उन्होंने पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर ऐसा कदम उठाया। सड़क जाम में दर्जनों वाहन फंस रहे। आवागमन ठप रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जाकिर हीरो स्पेलेंडर बाइक (जेएच 03एई 5318) से डालटनगंज मजदूरी करने के लिए आ रहा था। डालटनगंज से उसे ट्रेन पकड़कर दूसरी जगह मजदूरी करने जाना था। जाकिर पेंटर का काम करता था। उसके दो बच्चे हैं। दोनों लड़की है।
परिजनों के अनुसार डालटनगंज आने के क्रम में किसी दूसरी बाइक से उसकी बाइक में पहले टक्कर हुई और नियंत्रण खोने से जाकिर गिर गया। पीछे से आ रहे एक हाइवा उसके सिर पर चढ़कर पार हो गया। परिजनों का कहना है कि घटना की सूचना मिलने पर मृतक की बहन मौके पर पहुंच गई थी। वह डेड बॉडी देखना चाहती थी, लेकिन पुलिस ने ऐसा करने से रोक दिया।
मुखिया के खिलाफ आक्रोशित हुए परिजन
मृतक के बहनोई शेर मोहम्मद ने कहा कि परिजनों के आने से पहले डेड बॉडी उठाना सही नहीं रहा। मुखिया ने प्रशासन के साथ मिलकर परिजनों को धोखा दिया। नियमानुसार मुखिया को ग्रामीणों का साथ देना चाहिए, लेकिन उन्होंने पुलिस प्रशासन को सहयोग किया।
ग्रामीण अजीमुद्दीन अंसारी ने कहा कि डेढ घंटे तक सड़क जाम किया गया। ग्रामीण और परिजन मुखिया दयानंद प्रसाद से पूछना चाहते हैं कि आखिर उन्होंने ऐसा क्यों किया? उन्होंने गद्दारी की है। मुखिया बताएं कि किस हाइवा की चपेट में आने से जाकिर की मौत हुई।
लगातार हादसे, नियंत्रण पर कार्रवाई नहीं
रमकंडा-रामगढ-डालटनगंज रोड में नावाडीह में संचालित विभिन्न क्रशर से निकलने वाले हाइवा की चपेट में आने से अब तक कई लोगों की जान जा चुकी है। रमकंडा के रोहड़ा गांव के पति-पत्नी को हाइवा ने कुचल दिया था। इसके अलावे कई अन्य घटनाएं भी हुई है। इसी तरह शुक्रवार को इस मार्ग पर तिनकोनिया के पास सड़क दुर्घटना में चेटे गांव निवासी माखन कोरवा का बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया था। इसके अलावे उदयपुर मोड़ पर भंडरिया का एक युवक भी सड़क दुर्घटना में घायल हुआ है। आए दिन दुर्घटना होने के बावजूद हाइवा समेत अन्य वाहनों की स्पीड एवं बेहतर संचालन को लेकर कोई कार्रवाई नहीं की जाती।
दो बार सड़क जाम, पूर्व मंत्री के.एन त्रिपाठी पहुंचे मौके पर
घटना के विरोध में घटनास्थल पर दो बार सड़क जाम किया गया। मुखिया द्वारा जबरन शव उठवा देने के खिलाफ एवं मुआवजे की मांग को लेकर शनिवार सुबह 10 बजे से लेकर पूर्वाहन 11.30 बजे तक सड़क जाम रखा गया। इस क्रम में रामगढ़ थाना प्रभारी ओमप्रकाश साहू के अलावा चैनपुर के समझाने के बाद सड़क से जाम हटाया गया। एमआरएमसीएच में डेडबॉडी का पोस्टमार्टम होने के बाद पुनः घटनास्थल पर शव रखकर जाम किया गया। दोपहर दो बजे जाम किया गया। सूचना मिलने पर पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी मौके पर पहुंचे। घटना की पूरी जानकारी ली।
थाना प्रभारी के द्वारा परिजन एवं पूर्व मंत्री को प्रशासनिक पदाधिकारियों से वार्ता करायी गयी। नियमानुसार मुआवजा दिलाने और हाइवा को चिन्हित करके कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया। यह भी कहा गया कि क्रशर से निकलने वाले हाइवा समेत अन्य वाहनों को नियंत्रित करके चलाने के लिए दिशा निर्देश जारी किया जायेगा। काफी समझाने के बाद दूसरी बार भी सड़क से जाम करीब आधे घंटे बाद हटाया गया। इसके बाद परिजन डेडबॉडी लेकर घर पहुंचे और फिर सुपुर्द ए खाख किया गया।
Also Read: रमकंडा डालटनगंज रोड में नावाडीह के पास सड़क हादसे में गयी युवक की जान
