गढ़वा: दूल्हे की गिरफ्तारी: नाबालिग से दुष्कर्म कर रचा रहा था दूसरी शादी, रंका पुलिस ने दबोचा
गढ़वा (रंका):रंका थाना क्षेत्र में सोमवार को शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं जब मंडप सजे-संवरे दूल्हे को पुलिस ने हल्दी लगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपी दूल्हे की पहचान अखिलेश भुइयां के रूप में हुई है, जो पलामू जिला के चैनपुर थाना क्षेत्र के करसो गांव निवासी है।
दुल्हन बनने का सपना दिखाकर किया दुष्कर्म
थाना प्रभारी चेतन कुमार सिंह ने बताया कि अखिलेश भुइयां पर रंका थाना क्षेत्र के गासेदाग गांव की एक नाबालिग लड़की को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप है। पीड़िता छह महीने की गर्भवती है।
शिकायत के मुताबिक, आरोपी एक साल से नाबालिग का यौन शोषण कर रहा था और शादी का वादा कर बहलाता रहा। लेकिन शादी करने के बजाय वह दूसरी जगह रिश्ता तय कर शादी की तैयारी करने लगा।
शादी की तैयारियों के बीच खुली पोल
जब नाबालिग लड़की को अखिलेश की शादी तय होने की खबर मिली, तो उसने रंका थाना पहुंचकर दुष्कर्म और धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की।
सोमवार को मड़वा के दिन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हल्दी लगे दूल्हे अखिलेश को मंडप से ही गिरफ्तार कर लिया।
दूसरी लड़की से हो रही थी शादी की तैयारी
जानकारी के मुताबिक, अखिलेश भुइयां की शादी चैनपुर थाना क्षेत्र के रामगढ़ गांव निवासी प्रताप भुइयां की पुत्री से तय हुई थी। 28 अप्रैल को मड़वा तथा 29 अप्रैल को विवाह होना था। लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने शादी से पहले ही उसे सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।
इसे भी पढ़े: गढ़वा: पुलिस पदाधिकारी से उलझना पड़ा भारी, कुन्दरहे के बिगन प्रजापति जेल भेजे गए
